एक अछूते विषय को छूता है मुकुल रंजन का उपन्यास, ‘हर शाख़ पर उल्लू बैठा है’
यूँ तो कई दिनों से पढ़ने का सिलसिला छूटा हुआ सा था, लेकिन ठान ही लिया कि अब कुछ तो पढ़ना ही है। इसी समय मुकुल रंजन का उपन्यास ‘हर शाख़ पर उल्लू बैठा है’ नज़र आया और उसे क़रीब 3-4 दिनों में ही पढ़ लेना संभव हुआ। यह उपन्यास एक भोजपूरी चैनल की शुरुआत की कहानी है। एक ऐसा चैनल जिसकी शुरुआत लगातार किसी न किसी बहाने टलती रहती है। इसके लिए जी तोड़ मेहनत करने वाले कर्मचारियों का संघर्ष और लगातार बदलते समीकरण को पढ़ते हुए कहीं न कहीं यह एक जीवंत उपन्यास सा लगता है। यदि किसी ने भी कॉर्पोरेट जगत और मीडिया में ज़रा भी काम किया है तो उसे इस उपन्यास के कथानक में सच्चाई की झलक मिल जाएगी।
एक वक़्त में तो ये उपन्यास काल्पनिक कहानी कम वास्तविकता ज़्यादा नज़र आने लगता है। इस अनुभव के पीछे बड़ा हाथ है लेखक मुकुल रंजन की लेखन शैली का जो पारंपरिक उपन्यास से अलग अन्दाज़ की है। कहीं- कहीं सुरेंद्र मोहन पाठक के लेखन की झलक भी नज़र आती है लेकिन फिर भी कहना होगा कि लेखक मुकुल रंजन का अपना एक तरीक़ा है जो साफ़ झलकता है। अब तक मैंने इस तरह का लेखन इक्का- दुक्का ही पढ़ा है। कहानी की शुरुआत भी काफ़ी फ़िल्मी और पूरी तरह से दृश्यात्मक पक्ष को सामने रखती है। कहानी कहने का एक ऐसा अन्दाज़ है जो आमतौर पर पटकथा की तरह ही नज़र आता है और पढ़ने से ज़्यादा ऐसा लगता है कि आप उसे देख ही रहे हैं।
जहाँ लेखन शैली की तारीफ़ किए बिना नहीं रहा गया वहीं एक महत्वपूर्ण पहलू भी है जो खटकता जाता है। जैसे कि तक़रीबन हर किरदार का अपने अन्दाज़ में ही नहीं बल्कि अपनी अलग भाषा में संवाद कहना, जिसके कारण भोजपुरी, हिन्दी, अंग्रेज़ी, पंजाबी, बांग्ला और भी कुछ भाषाओं का मेल उपन्यास में नज़र आता है। वैसे लेखक ने ऐसे हर संवाद का हिन्दी अनुवाद भी लिख ही दिया है लेकिन इससे पढ़ने का प्रवाह लगातार बाधित होता है। एक निश्चित पृष्ठ संख्या के बाद मुझे ख़ुद को इस तरह से ढालना पड़ा कि मैं लगातार दो बार एक ही संवाद को न पढ़ती रहूँ बल्कि दोनों विकल्पों में से एक पर ही मेरा ध्यान हो उसके बाद ही धाराप्रवाह पढ़ने का आनंद आया।
जहाँ यह उपन्यास सच्चाई के ज़्यादा क़रीब लगता है वहीं इसमें कुछ घटनाएँ पूरी तरह फ़िल्मी और काल्पनिक भी लगती हैं। जैसे बंधक बनाकर विवाह करने वाली पूरी घटना और नायक अदल का वहाँ तक पहुँचना सब बड़ा ही नाटकीय लगता है। वो आम उपन्यास में स्वीकार्य भी हो जाता लेकिन यहाँ क्योंकि शुरुआत से कथानक सच्चाई के ज़्यादा क़रीब लगता है इसलिए ये ज़रा कथानक से हटकर लगता है। किंतु कहीं न कहीं हम सभी ‘अंत भला तो सब भला’ पर यक़ीन रखने वालों में से हैं तो उपन्यास का अंत भला सा ही लगता है।
मुकुल रंजन के लेखन के विषय में यही कहा जा सकता है कि वो सच्चाई के ज़्यादा क़रीब रहते हुए लेखन करते हैं। धाराप्रवाह होने में कई जगह रुकावटें आती हैं लेकिन फिर भी कहीं न कहीं वो एक धारावाहिक की पटकथा के अन्दाज़ में अपनी बात कहते हैं और यदि उसे पाठक अपने मन में सही तरह से निभा पाये तो कहानी बिल्कुल स्पष्ट होती जायेगी, मानो कोई चलचित्र ही सामने चल रहा हो। यदि आपका रुझान कहानी और पात्रों की ओर ज़्यादा हो तो आपको कुछ पन्नों के बाद उनसे जुड़ाव हो पाएगा, शुरुआती 20-22 पन्ने आपको उपन्यास की शैली समझने और उसके अनुरूप अपनी पढ़ाई को ढालने में लग सकते हैं। किंतु एक समय के बाद ये बातें गौण हो जाती हैं और कहानी आपको बांधने में कामयाब होती है।
कुल मिलाकर एक अलग अनुभव और अब तक अधिकांश अछूते विषय के लिए मुकुल रंजन का उपन्यास ‘हर शाख़ पर उल्लू बैठा है’ पढ़ा जाना चाहिए। पाठकों को आम साहित्यिक लेखन अन्दाज़ से अलग अनुभव होने की पूरी संभावना है।वैसे भी कहानियों को कहने का अन्दाज़ सभी का अलग-अलग होता है और पाठक जीवन अनुभवों का आनंद लेने के लिए ही है।