तुम्हें ढूँढते हुए (भाग ७) – “और फिर दूर हो गए दोनों”

0
Screenshot

Screenshot

शकेब अपनी पत्नी सबा से अलग होने के बाद पुरानी ज़िंदगी छोड़ देता है। वह सब कुछ पीछे छोड़कर हिमाचल प्रदेश के मंडी चला जाता है। वहाँ एक साधारण, एकाकी जीवन बिताते हुए किताबों और अपने ख़यालों में खोया रहता है।

भाग १–२: ख़ामोश आवाज़ों का घर

मंडी में एक दिन शकेब की मुलाक़ात अचानक सबा से होती है। सबा उसे ढूँढते हुए वहाँ पहुँची है। शकेब उससे मिलता है, लेकिन कोई शिकायत या सवाल किए बिना वहाँ से चला जाता है। सबा उसके बारे में पता लगाती है और उसके कमरे तक पहुँचती है। वहाँ उसे शकेब की किताबें और एक अधूरा ख़त मिलता है, जिसमें शकेब लिखता है कि उसे ढूँढने की कोशिश न करे।

भाग ३: फिर तुम्हारी तलाश की मैंने

सबा की तलाश और शकेब से बिछड़ने के बाद उसके भीतर पैदा हुई बेचैनी कहानी को आगे बढ़ाती है। वह शकेब को फिर से पाने की कोशिश करती है, जबकि शकेब अपनी पुरानी ज़िंदगी से दूर रहने का प्रयास करता है।

भाग ४: फिर तुम्हारा निशाँ नहीं पाया

शकेब मंडी छोड़कर शिमला आ जाता है। वहाँ उसकी मुलाक़ात किताबों की दुकान के मालिक अरविंद से होती है। दोनों के बीच साहित्य और दर्शन पर बातचीत शुरू होती है। अरविंद उसे अपनी दुकान पर काम देता है। शकेब अपनी मेहनत और किताबों के प्रति लगाव से उस छोटी-सी दुकान को एक लोकप्रिय साहित्यिक केंद्र में बदलने लगता है। दूसरी ओर, दिल्ली में सबा शकेब के साथ बिताए पुराने दिनों को याद करती रहती है।

भाग ५: तुम मेरा इंतज़ार करती हो

अरविंद शकेब को रहने के लिए एक छोटा-सा घर देता है। शकेब धीरे-धीरे शिमला में अपनी नई ज़िंदगी बनाने लगता है। वहीं सबा की ज़िंदगी आर्थिक और भावनात्मक कठिनाइयों से गुज़र रही है। वह अपनी पुरानी चीज़ें बेचती है, एक मॉल में रिसेप्शनिस्ट की नौकरी करती है और बीच-बीच में मंडी जाकर शकेब को तलाशती है। उसके पास शकेब की दी हुई यादों में सबसे क़ीमती चीज़ उसकी Notes from Underground की किताब है।

भाग ६: फिर उसे याद कर रहा हूँ मैं

अरविंद के कहने पर शकेब किताबों की एक खेप देखने दिल्ली जाता है। वहाँ एक मॉल में उसकी नज़र अचानक सबा पर पड़ती है। सबा एक कपड़ों के शोरूम में रिसेप्शनिस्ट की नौकरी कर रही है। शकेब उसे पहचान लेता है, उसकी थकी हुई आँखें और बदला हुआ चेहरा देखता है, लेकिन उससे मिलने की हिम्मत नहीं करता। सबा भी उसी मॉल में मौजूद शकेब को देख नहीं पाती।

शिमला लौटते समय शकेब पहली बार Notes from Underground पढ़ने में असमर्थ रहता है। सबा को देखकर उसके भीतर पुरानी यादें और अनगिनत सवाल फिर से जाग उठते हैं। उसे महसूस होता है कि कुछ सवालों के जवाब किताबों में भी नहीं मिलते।

—-

तुम्हें ढूँढते हुए…

भाग ७

वह सीधे लाइब्रेरी पहुँचा।

सुबह १० बजे का वक़्त था। बाहर सफ़ेद बोर्ड पर “नोट्स फ़्रॉम अंडरग्राउंड” का कथन लिखा था –

“Here it is, here it is at last, the encounter with reality. . . . All is lost now!”

वो उस बोर्ड को बिना देखे शीशे वाले दरवाज़े से लाइब्रेरी में दाख़िल हुआ। पल्लवी काउंटर पर बैठी थी और किसी किताब में डिस्काउंट का प्राइस टैग लगा रही थी। अरविंद अपने केबिन में किसी से फ़ोन पर बात कर रहा था।

शकेब ने अंदर आते हुए किसी की तरफ़ नहीं देखा। वह सीधे अपनी मेज़ तक गया। कुर्सी पर बैठा, कुछ देर सामने रखी किताबों को देखता रहा, उसकी नज़र जेन ऑस्टेन की किताब प्राइड एंड प्रेज्यूडिस पर पड़ी। सुनहरी जिल्द और गुलाबी कवर में Pride and Prejudice का नया संस्करण आया था। वह उठा, किताब का विषय-सूची वाला पन्ना खोला। फिर इंट्रोडक्शन के बाद सीधे चैप्टर नंबर १ पर आ गया।

“It is a truth universally acknowledged, that a single man in possession of a good fortune, must be in want of a wife”

बहुत पहले उसने ये किताब पढ़ी थी, उसने पढ़ना शुरू किया, लेकिन कुछ ही पंक्तियों के बाद उसका मन उचट गया।

अरविंद ने केबिन से उसे देखा। वह अब शकेब को जानने लगा था।  उसके चेहरे पर ख़ामोशी हमेशा रहती थी, लेकिन आज की ख़ामोशी कुछ अलग थी। वह जैसे किसी ऐसी जगह मौजूद था जहाँ उसका शरीर तो था, मगर उसका मन कहीं और भटक रहा था।

“शकेब!”

अरविंद ने आवाज़ दी।

“जी?”

“सब ठीक है?”

“हाँ, सब ठीक है।”

“दिल्ली का काम हो गया?”

“जी, किताबें देख ली थीं। ट्रांसपोर्ट का इंतज़ाम भी हो जाएगा।”

“अच्छा। फिर तो आराम से काम करना। और हाँ, आज थोड़ा जल्दी घर चले जाना। थके हुए लग रहे हो।”

शकेब ने हल्की-सी मुस्कान के साथ सिर हिलाया।

वह फिर अपनी मेज़ पर लौट आया। सामने Notes from Underground रखी थी। उसने किताब उठाई, कुछ पन्ने पलटे और फिर बंद कर दी।

उसे बार-बार उस रिसेप्शन डेस्क का दृश्य याद आ रहा था। सबा की आँखों के नीचे पड़े हल्के गड्ढे, चेहरे पर थकान और वह मुस्कान, जो शायद अब केवल नौकरी का हिस्सा रह गई थी।

वह सोचने लगा कि क्या सबा ने उसे देखा था?

नहीं, शायद नहीं।

अगर देख लिया होता तो क्या करती? क्या वह उसके पास आती? क्या वह उसका नाम पुकारती? या फिर उसकी तरह चुपचाप किसी दूसरी दिशा में चली जाती?

“वो एक बार मुझे ढूँढने मंडी आई थी, मुझे ढूँढने आई थी या वो घूमने आई थी और हमारा मिलना इत्तिफ़ाक़ था।”

वो अपने आप से बातें कर रहा था।

“शायद इत्तिफ़ाक़ ही था। वो मुझसे क्यों मिलना चाहेगी, वो तो मुझसे प्यार नहीं करती। और अगर करती भी हो तो मेरे साथ तो वो बिल्कुल ख़ुश नहीं थी।”

उसने पहली बार महसूस किया कि सबा को याद करना और फिर सबा का अचानक सामने आ जाना दो बहुत मुख़्तलिफ़ बातें हैं। पिछली बार जब वो मुझे मंडी में मिली थी तब भी और इस बार भी, वो अजीब सी बेचैनी महसूस कर रहा था।

रात को वह अपने कमरे में पहुँचा। खिड़की के बाहर धुंध थी। दूर किसी घर की रोशनी दिखाई दे रही थी। उसने कपड़े बदले, पानी पिया और मेज़ के पास बैठ गया।

उसके मन में एक ख़याल बार-बार आ रहा था कि उसे एक बार फिर सबा के पास जाना चाहिए।

लेकिन फिर अगले ही पल ख़ुद से पूछता – और उसके बाद?

उसने कमरे की बत्ती बुझा दी। बिस्तर पर लेट गया। बाहर हवा चल रही थी। खिड़की के पर्दे हल्के-हल्के हिल रहे थे। काफ़ी देर तक उसे नींद नहीं आई।

उधर दिल्ली में सबा की शिफ़्ट ख़त्म हो गई थी। वो घर जाने के लिए मॉल से निकली और किनारे खड़े ई रिक्शा में बैठी। दो और सवारियों के बैठने के बाद ड्राइवर ने ई-रिक्शा आगे बढ़ाई। ऊबड़ खाबड़ रास्तों पर ड्राइवर जल्द से जल्द अपनी मंज़िल पर पहुँचना चाहता था। यात्री परेशान थे और ड्राइवर को कुछ कुछ कह रहे थे, सबा ख़ामोश थी।

सर्द हवा उसके गालों को छू रही थी और उसके चेहरे पर बिखरी ज़ुल्फ़ें उसे पुराना वक़्त याद करा रही थीं। शकेब अक्सर उसके गालों को छूता, अक्सर उसकी लटों को उँगलियों में फँसाता।

कभी शकेब के साथ बाहर जाने का कार्यक्रम बनता, कभी किसी नई जगह पर खाने की बात होती। शकेब अक्सर उससे पूछता था कि आज कहाँ चलना है।

अब उसे किसी से पूछना नहीं पड़ता था।

वह घर पहुँची तो कमरे में वही पुरानी ख़ामोशी थी। उसने बैग कुर्सी पर रखा, जूते उतारे और कुछ देर बिना कुछ किए बैठी रही।

कमरे में सामान बहुत कम रह गया था। दीवार के पास एक छोटी-सी मेज़ थी, जिस पर पानी की बोतल, कुछ दवाइयाँ और एक पुराना कप रखा था। पर्दों का रंग फीका पड़ चुका था। अलमारी के ऊपर कुछ पुराने डिब्बे रखे थे।

उसने फ़ोन चार्ज पर लगाया और किचन में जाकर अपने लिए चाय बनाई। चाय लेकर लौटी तो उसकी नज़र मेज़ पर रखी किताब पर पड़ी।

Notes from Underground.

उसने किताब उठाई। कुछ पन्ने पलटे। कई जगह पेंसिल से निशान लगे थे। कुछ वाक्यों के पास उसने सवाल लिख रखे थे। एक पन्ने के किनारे तारीख़ भी लिखी थी।

वह कुछ देर उसी पन्ने को देखती रही।

उसे किताब की बातें अब भी पूरी तरह समझ नहीं आती थीं। कई बार पढ़ते हुए उसे लगता कि लेखक किसी ऐसे आदमी के बारे में लिख रहा है जिसे दुनिया से शिकायत है, लेकिन वह ख़ुद भी दुनिया से दूर रहना चाहता है। कभी उसे लगता कि उस आदमी की बातें शकेब जैसी हैं। कभी लगता कि शायद वह शकेब को समझने के लिए ही इस किताब को पढ़ रही है।

उसने किताब बंद की और अपने पास रख ली।

कभी-कभी वह सोचती थी कि अगर उस दिन उसने शकेब से कुछ और कहा होता तो क्या होता? अगर वह घर छोड़कर नहीं जाती तो? फिर उसे याद आता कि वह पहले भी कई बार घर छोड़कर जा चुकी थी। हर बार शकेब उसे मनाने आता था। हर बार वह उसे वापस ले आता था। लेकिन इस बार वह नहीं आया।

फिर उसे मंडी की वह मुलाक़ात याद आती। वह सोचती कि जब शकेब उसके सामने था तो उसने उसे जाने क्यों दिया। उसी वक़्त उसके पीछे क्यों नहीं गई? उससे कुछ और बातें क्यों नहीं कीं?

लेकिन अब इन सवालों का कोई मतलब नहीं रह गया था। वह अब भी शकेब को ढूँढने मंडी जाती थी।

कभी-कभी उसे लगता था कि शकेब जान-बूझकर ख़ुद को उससे छिपा रहा है। और कभी वह सोचती कि शायद वह अब उसे याद भी नहीं करता होगा।

उसने चाय का कप मेज़ पर रखा और खिड़की के पास जाकर खड़ी हो गई। नीचे सड़क पर कुछ बच्चे खेल रहे थे। एक आदमी सब्ज़ियों का थैला लिए घर लौट रहा था। सामने वाले फ़्लैट की बालकनी में एक औरत रस्सी से कपड़े उतार रही थी।

दुनिया अपनी रफ़्तार से चल रही थी।

सबा ने पर्दा खींच दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *